हैदराबाद, दिव्यराष्ट्र/ दिव्यांगजनों के पुनर्वास के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान नारायण सेवा संस्थान को यश रिसोर्सेज़ रीसाइक्लिंग लिमिटेड हैदराबाद का महत्वपूर्ण सीएसआर सहयोग प्राप्त हुआ है। इस सहयोग के तहत 100 दिव्यांग एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को आधुनिक तकनीक से निर्मित कृत्रिम हाथ-पैर निःशुल्क प्रदान किए गए, जिससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और सम्मान की नई शुरुआत हुई है। नारायण सेवा संस्थान की निदेशक पलक अग्रवाल ने कहा, “नारायण सेवा संस्थान पिछले 40 वर्षों से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहा है। सीएसआर के माध्यम से मिला यह सहयोग न केवल उन्हें चलने-फिरने की क्षमता देता है, बल्कि उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर भी प्रदान करता है। हम अधिक से अधिक कॉरपोरेट संस्थाओं से इस सेवा अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हैं, ताकि देशभर में अधिक जरूरतमंदों तक यह सहायता पहुंचाई जा सके।”