जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ नाबार्ड के राजस्थान क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा गुरुवार को जयपुर में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए स्टेट क्रेडिट सेमिनार आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य सचिव वी श्रीनिवास करेंगे।
नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डॉ आर रवि बाबु ने बताया कि इस कार्यक्रम में नाबार्ड द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राजस्थान हेतु तैयार किए गए स्टेट फोकस पेपर का विमोचन किया जाएगा। स्टेट फोकस पेपर में प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र जैसे कि कृषि, सूक्ष्म, लघु एवं माध्यम उद्योगों एवं शिक्षा, ऊर्जा, सामाजिक आधारभूत सुविधाएं, आवास और अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में राज्य में वर्ष 2026-27 हेतु ऋण की आवश्यकता का आकलन किया गया है। इसे तैयार करते समय विकसित राजस्थान@2047, भारत सरकार और राज्य सरकार की अपेक्षाओं के साथ साथ भारतीय रिजर्व बैंक एवं नाबार्ड की नीतियों को ध्यान में रखा गया है।
स्टेट फोकस पेपर उपलब्ध संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं के संदर्भ में प्राथमिकता वाले क्षेत्र में आधार स्तर के ऋण प्रवाह को बढ़ाने के लिए ऋण की संभावनाओं का आकलन करती हैं। यह आधार स्तर पर संस्थागत ऋण के प्रवाह की दिशा निर्धारित करने में भी मदद करता है।
सेमिनार के दौरान पिछले वर्ष और चालू वर्ष में नाबार्ड और बैंकों द्वारा की गई पहलकदमियों और आगामी वित्त वर्ष के लिए ऋण प्रवाह के अनुमानों पर विभिन्न हितधारकों द्वारा विस्तार पूर्वक चर्चा की जाएगी।