जयपुर, दिव्यराष्ट्र/ मल्टीनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (लंदन, यू.के.) द्वारा राजस्थान के भरतपुर स्थित जडखोर गौशाला में आयोजित विशाल ‘गौ माता पूजन’ कार्यक्रम को आधिकारिक रूप से ‘न्यू वर्ल्ड रिकॉर्ड’ के रूप में मान्यता प्रदान की गई है।
संस्था के इंडिया के सी.ई.ओ. कृष्ण कुमार उपाध्याय ने बताया कि 29 अक्टूबर 2025 को आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन में एक ही स्थान और समय पर 10,000 से अधिक गायों का विधि-विधान से सामूहिक पूजन किया गया, जो अपने आप में अद्वितीय और अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा निर्धारित सभी मानकों के अनुरूप इस आयोजन का गहन परीक्षण एवं सत्यापन किया गया, जिसके उपरांत इसे विश्व रिकॉर्ड के रूप में प्रमाणित किया गया।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल एक संख्यात्मक कीर्तिमान है, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं, गौ-संरक्षण के प्रति समर्पण और सामूहिक आस्था का वैश्विक स्तर पर सशक्त प्रदर्शन भी है। इस प्रकार के आयोजन विश्व समुदाय को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।