2 मिलियन टन सालाना की शुरूआती क्षमता के साथ में जेके सीमेंट के फुटप्रिन्ट को मजबूत बनाने के लिए तैयार
बीकानेर, दिव्यराष्ट्र:/ भारत के अग्रणी सीमेंट निर्माताओं में से एक जेके सीमेंट लिमिटेड ने आज राजस्थान के बीकानेर में अपनी आगामी ग्राइंडिंग युनिट के भूमि पूजन समारोह के साथ महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बीकानेर युनिट, जेके सीमेंट के ग्रे एवं व्हाईट सीमेंट बिज़नेस में 20वां मैनुफैक्चरिंग प्लांट होगा, जिसमें 2 मिलियन टन सालाना की शुरूआती उत्पादन क्षमता होगी।
भूमि पूजन का नेतृत्व माधवकृष्ण सिंघानिया, जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ, जेके सीमेंट के नेतृत्व में किया गया, उनके साथ कंपनी की लीडरशिप टीम के वरिष्ठ सदस्य भी मौजूद रहे। 200 से अधिक स्ट्रैटेजिक चैनल पार्टनर्स ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जो क्षेत्र में जेके सीमेंट के विस्तार में उनकी मजबूत भागीदारी को दर्शाता है।
इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुए डॉ राघवपत सिंघानिया, मैनेजिंग डायरेक्टर, जेके सीमेंट ने कहा, ‘‘हमारी बीकानेर ग्राइंडिंग युनिट का भूमि पूजन जेके सीमेंट की दीर्घकालिक विकास योजनाओं में उल्लेखनीय कदम है। राजस्थान हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मार्केट बना हुआ है और यह प्रोजेक्ट मांग केन्द्रों के नज़दीक निर्माण क्षमता बढ़ाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हमारे संचालन का पैमाना बढ़ाने के साथ-साथ बीकानेर का यह प्लांट क्षेत्र के विकास और रोज़गार सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।’
जयपुर-बीकानेर राजमार्ग पर 100 एकड़ क्षेत्रफल में फैली यह आगामी ग्राइंडिंग युनिट राजस्थान में जेके सीमेंट की मौजूदगी को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। युनिट की लोकेशन पूरे प्रदेश में सुगम एवं प्रभावी वितरण को सुनिश्चित करेगी, जिससे कंपनी ज़्यादातर लोकेशनों में 24 घण्टों के भीतर डिलीवरी कर सकेगी और उपभोक्ताओं की मांग को पूरा कर सकेगी।
इस विस्तार पर अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री माधवकृष्ण सिंघानिया, जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ, जेके सीमेंट ने कहा, ‘‘बीकानेर ग्राइंडिंग युनिट एक महत्वपूर्ण निवेश है, जिसका उद्देश्य राजस्थान में हमारी पहुंच को बढ़ाना है। गौरतलब है कि हाउसिंग एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास के चलते यह मार्केट तेज़ी से विकसित हो रहा है। इस नई युनिट के साथ हम उपभोक्ताओं को कम समय में अधिक प्रभाविता के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेंगे। होम बिल्डरों को उच्च गुणवत्ता के प्रोडक्ट, सर्वश्रेष्ठ सर्विस एवं उत्कृष्ट मूल्य प्रदान कर, उनके पसंदीदा सीमेंट ब्राण्ड बनने के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए हम यह प्रोजेक्ट ला रहे हैं।’
बीकानेर ग्राइंडिंग युनिट का निर्माण कार्य फरवरी 2026 से शुरू होगा और मार्च 2027 से कमर्शियल उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। जेके सीमेंट ने इस प्रोजेक्ट में तकरीबन रु 500 करोड़ का निवेश किया है। संचालन शुरू होने के बाद यह युनिट क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोज़गार के ढेरों अवसर उत्पन्न करेगी तथा आस-पास के क्षेत्रों में सहायक उद्योगों के विकास को प्रोत्साहित करेगी। इस तरह स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिलेगा। बीकानेर युनिट सस्टेनेबल इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास एवं दीर्घकालिक आर्थिक प्रगति को समर्थन प्रदान करते हुए उच्च विकास वाले क्षेत्रों में क्षमता निर्माण पर हमारे फोकस को दर्शाती है।