
आईएचसीएल ने ‘क्लार्क्स’ ब्रांड के साथ किया बिक्री, विपणन और वितरण समझौता
मुंबई, दिव्यराष्ट्र* भारत में आतिथ्य क्षेत्र की सबसे बड़ी कंपनी, इंडियन होटल्स कंपनी (आईएचसीएल) ने क्लार्क्स ग्रुप ऑफ होटल्स के साथ विपणन और वितरण साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत, आगरा, जयपुर, खजुराहो और लखनऊ स्थित चार क्लार्क्स होटलों का विपणन सेलेक्शन्स के तहत किया जाएगा। सेलेक्शन्स, अपनी विशिष्ट पहचान और विरासत के लिए जाने जाने वाले चुनिंदा होटलों का मंच है, जो यात्रियों को विशिष्ट अनुभव प्रदान करता है। इस गठजोड़ से क्लार्क्स ब्रांड का विस्तार भी होगा।
पुनीत छटवाल, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, आईएचसीएल ने कहा,”यह समझौता मशहूर क्लार्क्स परिवार के साथ हमारी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए, भारत के ऐतिहासिक शहरों के सुस्थापित पर्यटन सर्किटों में हमारी पेशकश को बढ़ाने में मदद करेगा। ये होटल अपने-आप में मिसाल हैं और अपने गंतव्य की सांस्कृतिक समृद्धि के प्रतीक हैं। क्लार्क्स ग्रुप ऑफ होटल्स के साथ यह भागीदारी एक सदी से भी अधिक समय से भारतीय आतिथ्य उद्योग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के हमारे साझा उद्देश्य को रेखांकित करती है।”
यह गठजोड़ आईएचसीएल के वैश्विक विपणन और वितरण नेटवर्क को क्लार्क्स की विरासत और ब्रांड की ताकत के साथ जोड़ता है। होटल क्लार्क्स शिराज, आगरा, मुगल-प्रेरित वास्तुकला और आधुनिक विलासिता का मिश्रण करने वाला 236 कमरों और सुइट का होटल है और यह पांच दशकों से अधिक समय से आतिथ्य का पर्याय रहा है। ताजमहल और आगरा किले से कुछ ही मिनटों की दूरी पर स्थित, यह होटल इन प्रतिष्ठित स्मारकों के खूबसूरत दृश्य प्रस्तुत करता है। जयपुर में हरियाली के बीच स्थित, 216 कमरों वाला क्लार्क्स आमेर, राजस्थान की जीवटता और सौंदर्य को दर्शाता है। यूनेस्को द्वारा सूचीबद्ध मंदिरों के पास स्थित 104 कमरों और सुइट वाला क्लार्क्स खजुराहो, खजुराहो की मशहूर मूर्तियों की भव्यता से प्रेरित यादगार प्रवास की सुविधा प्रदान करता है। लखनऊ के ऐतिहासिक स्थल – बड़ा इमामबाड़ा से घिरा, 97 कमरों वाला क्लार्क्स अवध, गोमती नदी के किनारे, अवध की संस्कृति की परिष्कृत भव्यता को पेश करता है।
अपूर्व कुमार और रूपक गुप्ता-संयुक्त प्रबंध निदेशक,क्लार्क्स ग्रुप ऑफ होटल्स ने कहा,”यह सिर्फ साझेदारी भर नहीं है, बल्कि यह भारतीय पर्यटन के भविष्य के लिए शानदार मंच तैयार करने से जुड़ी प्रतिबद्धता है। यह गठजोड़ दो समृद्ध विरासतों के एक साथ आने का प्रतीक है। ताज ने 1903 में मुंबई के प्रतिष्ठित ताज महल पैलेस होटल के साथ अपनी यात्रा शुरू की, जिसने देश के आतिथ्य व्यवसाय में वैश्विक मानक स्थापित किए। क्लार्क्स, एक लंबी विरासत वाला ब्रांड है, जिसका इतिहास भारत की स्वतंत्रता के साथ शुरू होता है। 79 साल पहले स्थापित यह ब्रांड देश भर में पर्यटन बुनियादी ढांचे के विकास में सबसे आगे रहा है। भारत के पर्यटन उद्योग के त्वरित विकास के चरण में प्रवेश करने के बीच, आईएचसीएल और क्लार्क्स के बीच यह गठजोड़ एक नई शुरुआत करेगा जहां नवोन्मेष को अपनाते हुए विरासत का सम्मान किया जाएगा।”