अजमेर, दिव्यराष्ट्र/ तीर्थ नगरी पुष्कर में आयोजित 43 दिवसीय शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ के दौरान सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की जा रही है। इस भव्य धार्मिक आयोजन में कुलदीप शर्मा सेवा संस्थान और उनकी समर्पित टीम द्वारा श्रद्धालुओं को निशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
महायज्ञ में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संत-महात्मा पहुंच रहे हैं। ऐसे में उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संस्थान द्वारा विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है, जहां आने वाले श्रद्धालुओं की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की जा रही है। साथ ही, उन्हें आवश्यक दवाइयां भी पूरी तरह से नि:शुल्क प्रदान की जा रही हैं।
संस्थान की ओर से यह भी सुनिश्चित किया गया है कि यदि कोई श्रद्धालु गंभीर रूप से बीमार होता है, तो उसे तत्काल मौके पर ही भर्ती कर उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। इस सेवा के माध्यम से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिल रही है और वे बिना किसी चिंता के धार्मिक अनुष्ठान में भाग ले पा रहे हैं।
गौरतलब है कि 8 मार्च से लगातार दिन-रात कुलदीप शर्मा सेवा संस्थान और उनकी टीम सेवा कार्य में जुटी हुई है। टीम के सदस्य पूरे समर्पण और मानवता के भाव के साथ श्रद्धालुओं की देखभाल कर रहे हैं, जिससे महायज्ञ स्थल पर एक सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण बना हुआ है।
इस पुनीत कार्य ने न केवल श्रद्धालुओं का विश्वास बढ़ाया है, बल्कि सेवा और मानवता की भावना को भी मजबूत किया है। पुष्कर महायज्ञ में इस प्रकार की चिकित्सा सेवा अन्य आयोजनों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।