देश-विदेश के शिक्षाविदों और उद्योग विशेषज्ञों की रही भागीदारी
जयपुर, दिव्यराष्ट्र/
जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के जयपुर स्कूल ऑफ बिज़नेस के अंतर्गत डिपार्टमेंट ऑफ बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा“डायनेमिक्स ऑफ सस्टेनेबिलिटी मैनेजमेंट थ्रू डिजिटाइजेशन (डीएसएमडी 2.0)” का आयोजन किया गया।
सम्मेलन का शुभारंभ एक गरिमामय उद्घाटन सत्र के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में महाराष्ट्र राज्य कृषि मूल्य आयोग के अध्यक्ष पाशा पटेल ने अपने संबोधन में सतत विकास को बढ़ावा देने हेतु सुदृढ़ नीतियों एवं नवाचार की आवश्यकता पर बल दिया। इसके पश्चात जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरपर्सन श्री अर्पित अग्रवाल ने डिजिटलीकरण की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने का एक प्रभावी माध्यम बन सकती है।
उद्घाटन सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में यूनिवर्सिटी ऑफ मुंबई के जेबीआईएमएस के प्रोफेसर एवं पूर्व निदेशक डॉ. श्रीनी आर. अय्यंगार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए वैश्विक परिप्रेक्ष्य में प्रबंधन शिक्षा की बदलती दिशा पर प्रकाश डाला। वहीं, मुख्य वक्ता के रूप में स्टार सीमेंट के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री पंकज केजरीवाल ने अपने प्रभावशाली कीनोट संबोधन में उद्योग जगत में डिजिटलीकरण और सततता के समन्वय की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का औपचारिक स्वागत जयपुर स्कूल ऑफ बिज़नेस की डीन प्रो. रेणु पारीक द्वारा किया गया।
सम्मेलन को देश-विदेश से अत्यंत उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हुआ। कुल 247 शोध पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से चयनित शोध पत्रों का प्रस्तुतीकरण सात विभिन्न विषयगत ट्रैक्स में किया गया। इसके अतिरिक्त, सम्मेलन के दौरान दो प्रभावशाली पैनल चर्चाएं आयोजित की गईं, जिनमें समसामयिक वैश्विक मुद्दों पर गहन एवं सार्थक विमर्श हुआ।
इस आयोजन में देश एवं विदेश के नीतिनिर्माताओं, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं शोधकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। सम्मेलन ने ज्ञान-विनिमय, नवाचार और अंतःविषय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया। चयनित शोध पत्रों को प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशन हेतु विचार किया जाएगा, जिससे शैक्षणिक एवं अनुसंधान क्षेत्र को महत्वपूर्ण दिशा मिलेगी।
सम्मेलन की संयोजक डिपार्टमेंट ऑफ बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन की विभागाध्यक्ष प्रो. रुचि गोयल रहीं। उनके कुशल नेतृत्व, योजनाबद्ध कार्यप्रणाली एवं समर्पित प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।