जयपुर में आज से 15 फरवरी तक वाईएसएस का तीन दिवसीय संन्यासी कार्यक्रम
जयपुर, दिव्यराष्ट्र * भागदौड़ और तनाव भरी शहरी जिंदगी के बीच आत्मिक शांति और आंतरिक संतुलन की तलाश कर रहे जयपुरवासियों के लिए योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इंडिया (वाईएसएस) 13 से 15 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय संन्यासी कार्यक्रम का आयोजित कर रही है। इस कार्यक्रम में परमहंस योगानंद द्वारा सिखाई गई प्रामाणिक और वैज्ञानिक ध्यान साधना का अभ्यास कराया जाएगा।
कार्यक्रम का मार्गदर्शन वाईएसएस के वरिष्ठ संन्यासी स्वामी अच्युतानंद करेंगे, जो वर्तमान में दक्षिणेश्वर स्थित वाईएसएस मुख्यालय में आश्रम-प्रभारी हैं। वे पश्चिम बंगाल में संचालित वाईएसएस के शैक्षणिक संस्थानों और ध्यान केंद्रों के प्रभारी होने के साथ ही संगठन के निदेशक मंडल के सदस्य भी हैं।
रोजमर्रा की जिंदगी में ध्यान का समावेश*
1917 में स्थापित योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इंडिया पिछले एक सदी से ध्यान की व्यावहारिक और वैज्ञानिक विधियां सिखा रही है। संस्था का उद्देश्य त्याग नहीं, बल्कि पारिवारिक और व्यावसायिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलित और सार्थक जीवन जीने की कला सिखाना है। छात्र, पेशेवर, गृहिणी और सेवानिवृत्त व्यक्ति—सभी वर्गों के लोग इन शिक्षाओं से लाभान्वित हो रहे हैं।
तीन दिवसीय कार्यक्रम में सामूहिक ध्यान, भक्ति संगीत, आध्यात्मिक परामर्श तथा प्रशिक्षित संन्यासियों का मार्गदर्शन शामिल रहेगा। 15 फरवरी को क्रिया दीक्षा समारोह भी आयोजित होगा।
ध्यान से बदली जीवन दिशा
जयपुर निवासी और योगदा सत्संग ध्यान केंद्र के समन्वयक हेमेंद्र शर्मा ने बताया कि वाईएसएस के पाठ उनके लिए जीवन परिवर्तनकारी रहे हैं।
उन्होंने कहा, “जब जीवन अत्यधिक व्यस्त और मानसिक रूप से अस्थिर लगता था, तब वाईएसएस के पाठों से जुड़ना शुरू किया। ये शिक्षाएं केवल सिद्धांत नहीं, बल्कि क्रमबद्ध तरीके से ध्यान की ओर ले जाने वाली साधना हैं। इससे मुझे मानसिक शांति, निर्णय में स्पष्टता और तनावपूर्ण परिस्थितियों में भी स्थिर खुशी का अनुभव हुआ।”
उन्होंने बताया कि पाठों की संरचना ऐसी है कि व्यक्ति बिना दिनचर्या बदले घर पर ही नियमित अभ्यास कर सकता है। उच्च शिक्षा प्राप्त स्वामी अच्युतानंदने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा उनकी संस्था विश्व कई देशों में कार्यरत है भक्ति और योग मार्ग के द्वारा युवाओं को अच्छा जीवन जीने की राह दिखा रही है।
कार्यक्रम स्थल व पंजीकरण*
कार्यक्रम प्लॉट नं. 4, गोपालपुरा, बसंत विहार, बजाज नगर, जयपुर में आयोजित होगा।
संस्था के अनुसार संन्यासी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वाईएसएस गृह-अध्ययन पाठ्यक्रम में नामांकन अनिवार्य है। नौ माह के इस संरचित कोर्स का नामांकन शुल्क 1600 रुपये है। पाठ्य सामग्री प्रतिभागी के पते पर पुस्तक के रूप में भेजी जाती है।