साकिब सलीम और सिद्धार्थ निगम एक जानलेवा मुकाबले में आमने-सामने होंगे
मुंबई, दिव्यराष्ट्र/ भारत में सिर्फ विज्ञापनों के सहारे, मुफ़्त में प्रीमियम वीडियो स्ट्रीमिंग सेवाओं की पेशकश करने वाले सबसे बड़े प्लेटफॉर्म, एमेज़ॅन एमएक्स प्लेयर ने आज अपनी आने वाली सीरीज़ कप्तान का ट्रेलर रिलीज़ किया, जिसका प्रीमियर 3 अप्रैल को होने वाला है। ज्वालाबाद के बेहद तनाव भरे माहौल पर बनी इस क्राइम ड्रामा सीरीज़ में एक ऐसी दुनिया को दिखाया गया है, जहाँ अपराध अब संगठित तरीके से काम करने वाले गैंग का रूप ले चुका है। यहाँ सत्ता सिर्फ दहशत फैलाने से नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था को अपने काबू में रखने से मिलती है। इस सीरीज़ में साकिब सलीम मुख्य भूमिका में हैं, जो एसएसपी समरदीप यानी ‘कप्तान’ का किरदार निभा रहे हैं। समरदीप एक ऐसे पुलिस ऑफिसर हैं, जो अपने लीक से हटकर काम करने के तरीकों के लिए जाने जाते हैं। उनके अलावा इस सीरीज़ में सिद्धार्थ निगम, कविता कौशिक, वरुण बडोला, अंजुम शर्मा, आरिफ ज़कारिया, पूजा गौर, विक्रम कोचर और अनुष्का कौशिक भी अहम किरदारों में नज़र आने वाले हैं। जतिन वागले के निर्देशन में बनी और बावेजा स्टूडियोज़ के बैनर तले पम्मी बावेजा और हरमन बावेजा द्वारा प्रोड्यूस की गई सीरीज़, कप्तान में दर्शकों को ज़बरदस्त एक्शन के साथ-साथ दिल की गहराइयों में बसे जज्बात और अंदर ही अंदर सुलगता हुआ गुस्सा देखने को मिलेगा। यह सीरीज़ सत्ता, बड़े अरमानों और बदले की एक बेहद दिलचस्प कहानी पेश करती है।
इस ट्रेलर को देखकर पता चलता है कि यह कहानी सिर्फ़ छिटपुट अपराधों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें नकली चीज़ों के बड़े नेटवर्क, संगठित तरीके से काम करने वाले गिरोह और इलाके पर कब्ज़े के लिए अलग-अलग गैंग्स के बीच होने वाली खूनी जंग को बड़े पैमाने पर दिखाया गया है। समरदीप और कबीर के बीच होने वाला जबरदस्त टकराव इस कहानी की जान है, जिसे टाला नहीं जा सकता, क्योंकि अतीत में दफन हो चुके पुराने राज फिर सामने आने लगते हैं और आज पर असर डालना शुरू कर देते हैं। बस छोटी- मोटी धरपकड़ से शुरू हुई यह कहानी जल्द ही घटनाओं की कहीं ज़्यादा उलझी हुई कड़ी में बदल जाती है, जहाँ हर एक कदम का असर दूसरी चीज़ों पर पड़ता है और जोखिम लगातार बढ़ता ही जाता है। जब हालात बेकाबू होने लगते हैं, तो उस वक्त असल में कमान किसके हाथों में होती है?
इस शो और अपने किरदार के बारे में बात करते हुए साकिब सलीम ने कहा, “कप्तान ने मुझे एक ऐसे पहलू के बारे में जानने का मौका दिया जो जज्बाती तौर पर काफी मुश्किल था और जिसमें मन के अंदर ही एक जंग चल रही थी। एसएसपी समरदीप का किरदार निभाने का मतलब था खुद को एक ऐसे पुलिसवाले की जगह रखना, जो हमेशा कायदे-कानून के हिसाब से नहीं चलता, बल्कि काम पूरा करने में यकीन रखता है। वह एक ऐसा इंसान है जो हर पल अपने बीते हुए कल के बोझ से जूझ रहा है और साथ ही अपने आज को काबू में रखने की कोशिश कर रहा है, और यही कशमकश उसके हर फैसले को तय करती है। यह कई परतों वाला एक ऐसा किरदार है, जिसकी वजह से मेरा पूरा सफर चुनौतियों से भरा होने के साथ-साथ बेहतरीन भी रहा। अब मुझे उस लम्हे का बेसब्री से इंतज़ार है जब दर्शक एमेज़ॅन एमएक्स प्लेयर पर इस दुनिया का भरपूर आनंद लेंगे।”