जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर के पंचकर्म विभाग द्वारा कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय “व्यक्तित्व विकास” कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य कर्मचारियों में आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद कौशल और कार्यस्थल पर सकारात्मक व्यवहार को विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के प्रथम दिन रविकांत सैनी ने कर्मचारियों को आत्मविश्वास बढ़ाने और कार्यस्थल पर शिष्टाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सकारात्मक व्यक्तित्व न केवल व्यक्ति के विकास में सहायक होता है, बल्कि संस्थान की कार्यक्षमता और रोगी सेवा की गुणवत्ता को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।
कार्यशाला के दूसरे दिन डॉ. दीपिका चौधरी ने कर्मचारियों को व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और प्रभावी संवाद कौशल की बारीकियों को सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
संस्थान के कुलपति प्रोफसर संजीव शर्मा ने कहा ऐसी कार्यशालाएं कर्मचारियों के व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ संस्थान में सकारात्मक कार्य संस्कृति को भी मजबूत करती हैं। इससे रोगी सेवा की गुणवत्ता में भी निश्चित रूप से सुधार होता है।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. गोपेश मंगल ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों के आत्मविश्वास और मनोबल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे वे अधिक ऊर्जा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय कार्यशाला ने जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को आधुनिक कार्य संस्कृति के अनुरूप स्वयं को विकसित करने का एक प्रभावी मंच प्रदान किया।