जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ लगभग एक दशक बाद नेशनल वन स्टार एंड्योरेंस चैंपियनशिप 2025–26 का आयोजन 7-8 मार्च 2026 को जयपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता बेगास रोड, सांझरिया स्थित रॉयल इक्वेस्ट्रियन क्लब परिसर में होगी। यह आयोजन भारतीय अश्वारोहण महासंघ के तत्वावधान और राजस्थान अश्वारोहण संघ के सहयोग से संपन्न होगा।
क्लब निदेशक कैप्टन मुकेश सिंह शक्तावत ने बताया कि प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय नियमों और तकनीकी मानकों के अनुरूप आयोजित की जाएगी, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से चयनित घुड़सवार भाग लेंगे। चैंपियनशिप का शुभारंभ 7 मार्च को प्रातः 5 बजे फ्लैग-ऑफ के साथ होगा, जबकि समापन 8 मार्च की सायंकाल पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा।
100 किमी वन स्टार एंड्योरेंस घुड़सवारी खेल की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता है, जिसमें राइडर और घोड़ा निर्धारित समय सीमा में 100 किलोमीटर दूरी तय करते हैं। इस दूरी को चार चरणों 30, 30, 20 और 20 किलोमीटर में विभाजित किया जाता है। प्रत्येक चरण के बाद वेटरनरी जांच में घोड़े की हार्ट रेट, सांस, चाल, डिहाइड्रेशन और मांसपेशियों की स्थिति का परीक्षण किया जाता है। घोड़े की फिटनेस अनिवार्य होने के कारण यह खेल “सुरक्षा पहले” के सिद्धांत पर आधारित है।
यह आधिकारिक राष्ट्रीय चैंपियनशिप है, जिसके आधार पर खिलाड़ियों की राष्ट्रीय रैंकिंग बनती है और सफल प्रतिभागियों के लिए आगे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अवसर खुलते हैं। जयपुर में इतने वर्षों बाद इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन राजस्थान के अश्वारोहण खेल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इवेंट कॉर्डिनेटर एवं राइडर दुष्यंत सिंह राठौड़ (मेड़तिया) ने बताया कि 100 किमी नेशनल वन स्टार एंड्योरेंस चैंपियनशिप केवल एक रेस नहीं, बल्कि घुड़सवार और घोड़े के बीच विश्वास, संतुलन और सहनशक्ति की सबसे बड़ी परीक्षा है। यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर पर अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है और इसमें सफलता भविष्य में बड़े अवसरों के द्वार खोल सकती है।